ललितपुर नगर पालिका परिषद, ललितपुर द्वारा शहरवासियों को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने, नगर के सौंदर्यीकरण एवं साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन अभिलाषा ने वार्ड नंबर 06 मोहल्ला रामनगर में चल रहे नाला निर्माण कार्य, नव निर्मित सड़कों तथा कल्याण सिंह सभागार परिसर में बनाए गए शौचालयों का नगर पालिका टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने सबसे पहले रामनगर ऑडिटोरियम के पीछे निर्माणाधीन नाले का जायजा लिया और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। क्षेत्रवासियों ने बताया कि वर्षों से नाला निर्माण न होने के कारण बरसात के समय घरों में पानी भर जाता था, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। अब नाला निर्माण शुरू होने से लोगों में राहत की उम्मीद जगी है।
इसके बाद अध्यक्ष ने गल्ला मंडी के सामने स्थित कॉलोनी में नव निर्मित सड़कों का निरीक्षण किया। वार्डवासियों ने बताया कि पहले सड़कें न होने के कारण लोगों को कीचड़ और जलभराव के बीच आवागमन करना पड़ता था। लेकिन अब नई सड़कों के निर्माण से आवागमन सुगम और सुरक्षित हो गया है।
निरीक्षण के दौरान वार्ड की एक महिला ने सड़क निर्माण और जलभराव की समस्या से अध्यक्ष को अवगत कराया। इस पर वह स्वयं महिला के घर पहुंचीं। तथा मौके का निरीक्षण किया और भरोसा दिलाया कि बरसात से पहले हर हाल में समस्या का समाधान कराया जाएगा। साथ ही संबंधित सफाई निरीक्षक को वार्ड में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इस दौरान लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। इसके उपरांत अध्यक्ष ने कल्याण सिंह सभागार परिसर में नव निर्मित महिला एवं पुरुष शौचालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
संवाददाता-आलोक खरे
