Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

सेवा सेतु केंद्र ग्रामीणों के लिए बनेगा सुविधा का नया माध्यम — अतिरिक्त सचिव* .........NN81


भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव एवं मिशन संचालक, जल शक्ति मंत्रालय, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग नई दिल्ली श्री कमल किशोर सोन ने नारायणपुर जिले के ओरछा विकासखंड अंतर्गत ईरकभट्टी स्थित पुलिस कैंप में सेवा सेतु केंद्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में पहुंचे ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से मिलने वाली डिजिटल सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया।


अतिरिक्त सचिव श्री सोन ने कहा कि अबूझमाड़ जैसे सुदूर और दुर्गम क्षेत्रों में शासन की डिजिटल सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। सेवा सेतु केंद्र खुलने से अब ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए दूरस्थ क्षेत्रों तक नहीं जाना पड़ेगा। गांव में ही विभिन्न शासकीय दस्तावेज और ऑनलाइन सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीणों के समय और खर्च दोनों की बचत करेगी तथा डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने केंद्र में उपस्थित युवाओं को डिजिटल सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।


कलेक्टर नम्रता जैन ने बताया कि शासन की मंशानुरूप आमजन तक पारदर्शी, प्रभावशाली और सुगम डिजिटल नागरिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ई-डिस्ट्रिक्ट परियोजना के उन्नत संस्करण ‘सेवा सेतु’ की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में आज ईरकभट्टी में सेवा सेतु केंद्र शुरू किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि जिले के नारायणपुर एवं ओरछा विकासखंड में अन्य जगहों में भी सेवा सेतु केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे अबूझमाड़ के ग्रामीणों को गांव के समीप ही आवश्यक सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।


उन्होंने बताया कि ‘सेवा सेतु’ पोर्टल के माध्यम से अब एक ही मंच पर 441 शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनमें 54 नई सेवाएं तथा 329 री-डायरेक्ट सेवाएं शामिल हैं। आधार कार्ड, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, विवाह पंजीयन सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज अब एक ही स्थान पर बनाए जा सकेंगे। साथ ही व्हाट्सएप के माध्यम से भी विभिन्न सेवाओं की जानकारी सहज रूप से प्राप्त की जा सकेगी।


कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने कार्यों के लिए सेवा सेतु केंद्र पहुंचे। इस अवसर पर रितेश पोटाई सहित अन्य ग्रामीणों एवं युवाओं के आधार अपडेट सहित विभिन्न ऑनलाइन कार्य किए गए। गांव में ही डिजिटल सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें छोटी-छोटी सुविधाओं के लिए दूर भटकना नहीं पड़ेगा।


इस अवसर पर कच्चापाल सरपंच श्रीमती रजमा नुरेटी, राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के एरिया ऑफिसर उमेश भारद्वाज, बीएसएफ कैंप कंपनी कमांडर राज कुमार, ओरछा जनपद पंचायत सीईओ लोकेश चतुर्वेदी, ईडीएम चिप्स कामरान खान सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


संवाददाता खुमेश यादव 

 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes