अखिल भारतीय औषधि विक्रेता संघ द्वारा विभिन्न लंबित मांगों को लेकर बुधवार, 20 मई 2026 को देशव्यापी प्रतीकात्मक हड़ताल का आह्वान किया गया है। इस बंद में राज्यभर के थोक एवं खुदरा दवा विक्रेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसके चलते नंदुरबार शहर सहित जिले की अधिकांश निजी मेडिकल दुकानें बंद रह सकती हैं।
इस संबंध में खाद्य एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त (औषध) एस.एस. देशमुख ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी नियमित एवं आवश्यक दवाइयां तथा अन्य चिकित्सा सामग्री पहले से ही खरीदकर रखें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकारी अस्पतालों तथा कुछ चयनित मेडिकल दुकानों में दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहेगा और आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी। साथ ही खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस विभाग द्वारा जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
सहायक आयुक्त एस.एस. देशमुख ने जिले के सभी दवा विक्रेताओं से हड़ताल में भाग न लेने की अपील भी की है। उन्होंने कहा कि औषधियां ‘आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955’ के अंतर्गत आती हैं और मरीजों को दवा देने से इनकार करना कानून का उल्लंघन माना जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हड़ताल के कारण यदि मरीजों को परेशानी होती है या आपातकालीन स्थिति उत्पन्न होती है, तो संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
हड़ताल के दौरान दवाइयों की उपलब्धता से संबंधित किसी भी समस्या या आपात स्थिति में नागरिक सहायक आयुक्त (औषध) एस.एस. देशमुख के मोबाइल नंबर 9850177853 तथा औषधि निरीक्षक सोमनाथ मुले के मोबाइल नंबर 9404426233 अथवा कार्यालय फोन 02564-299053 पर संपर्क कर सकते हैं।
जाविद शेख
