जिले में बढ़ती गर्मी और आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने सोमवार को विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में पेयजल, बिजली, चिकित्सा और नगर निगम से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए।
जिला कलेक्टर ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पेनल्टी लगाई जाए। नगर निगम को शहर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, कचरा समय पर उठाने और बारिश से पहले नालों-नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
गर्मी के चलते स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सीएमएचओ से अस्पतालों में लू और मौसमी बीमारियों से निपटने की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाइयों की उपलब्धता बनी रहे तथा चिकित्सा स्टाफ हर समय तैयार रहे, ताकि मरीजों को त्वरित उपचार मिल सके।
पेयजल संकट को लेकर जलदाय विभाग को निर्देश दिए गए कि जलापूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए और शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाए। वहीं विद्युत विभाग को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में झूलते तारों तथा खराब लाइनों को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने आगजनी या बिजली से जुड़ी घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने पर भी जोर दिया।
बैठक में नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी, सीएमएचओ डॉ. संजीव शर्मा, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता धनपत राज सोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
