अमरोहा जनपद में गन्ना विभाग से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। भारतीय किसान यूनियन भानु के जिला अध्यक्ष चमन प्रधान ने एक शिकायती पत्र जारी कर गन्ना विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्र के अनुसार कुछ व्यक्तियों के नाम पर एक ही दिन में कई फर्जी गन्ना पर्चियां जारी कर अवैध तौल और भुगतान दर्शाया गया।
आरोप है कि बिना वास्तविक गन्ना आपूर्ति के रिकॉर्ड तैयार किए गए, जिससे शासन और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा।
शिकायत में मुख्य गन्ना अधिकारी ए.एस. धक्का की निगरानी में रिकॉर्ड में हेरफेर होने का भी आरोप लगाया गया है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिटाने की कोशिश किए जाने की बात कही गई है।
किसान संगठन ने इसे सुनियोजित भ्रष्टाचार बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पत्र में मांग की गई है कि संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा दोषियों को तत्काल निलंबित किया जाए।
इसके अलावा फर्जी गन्ना पर्चियां, भुगतान रिकॉर्ड, तौल अभिलेख और सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने की मांग भी उठाई गई है।
भारतीय किसान यूनियन भानु ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और शासन की साख बनाए रखने के लिए पारदर्शी व्यवस्था लागू करना बेहद जरूरी है। यह पत्र 13 मई 2026 को जारी किया गया।
बाईट चमन प्रधान जिलाध्यक्ष किसान यूनियन भानु
रिपोर्ट मौ। अज़ीम अमरोहा
