उमरिया। जिले के मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिलहारी में एक बुजुर्ग आदिवासी किसान की जमीन कथित तौर पर धोखाधड़ी से हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने गांव के ही एक व्यक्ति पर पेंशन दिलाने का झांसा देकर जमीन की रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित ने कलेक्टर से शिकायत कर न्याय की मांग की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम चिलहारी निवासी गोविंद कोरी ने कलेक्टर को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि गांव के रामदयाल काछी ने वृद्धावस्था पेंशन दिलाने के नाम पर उसे उमरिया ले जाकर कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर और अंगूठा लगवाया। गोविंद कोरी का कहना है कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि उसके नाम की जमीन की रजिस्ट्री कराई जा रही है।
आरोप है कि करीब 0.628 हेक्टेयर यानी लगभग डेढ़ एकड़ जमीन की रजिस्ट्री दो महिलाओं के नाम करीब 6 लाख रुपये में करा दी गई। पीड़ित का कहना है कि उसे जमीन की वास्तविक कीमत नहीं मिली और पूरी प्रक्रिया की सही जानकारी भी नहीं दी गई। मामले की जानकारी होने पर जब उसने विरोध किया तो कथित तौर पर उसे धमकियां भी दी गईं।
पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा जमीन वापस दिलाने की मांग की है। वहीं प्रशासन का कहना है कि आवेदन प्राप्त हो गया है और मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि जांच के बाद पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाता है या नहीं।
मदनलाल बर्मन
