भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान गौरीफंटा पुलिस ने सीमा के रास्ते अवैध रूप से माल नेपाल ले जा रही दो नेपाली महिलाओं को भारी मात्रा में लेडीज सूट और डेटा केबल के साथ पकड़ लिया।बरामद किए गए माल की कुल कीमत करीब 58 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने माल को सीज कर अग्रिम कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को गौरीफंटा पुलिस की टीम ने चेकिंग के दौरान गौरीफंटा सीमा से करीब 800 मीटर पहले पुलिया के पास जंगल के कच्चे रास्ते से दो महिलाएं संदिग्ध अवस्था में आती दिखाई दीं। पुलिस टीम ने जब उन्हें रोककर उनके पास मौजूद सामान की तलाशी ली, तो उनके पास पिट्ठू बैग और झोले की तलाशी के दौरान पुलिस को कुल 117 पीस लेडीज सूट और 100 डेटा केबल बरामद हुए, जिन्हें बिना किसी वैध कागजात और टैक्स चोरी कर तस्करी के जरिए नेपाल ले जाया जा रहा था। पूछताछ में पकड़ी गई महिलाओं ने अपना नाम भावना चौधरी पत्नी रमेश और पुष्पा भट्ट उर्फ पूजा पुत्री रमिता बताया। दोनों आरोपी महिलाएं नेपाल के जिला कैलाली के फन पार्क वार्ड नंबर 2 की रहने वाली बताई जा रहीं हैं। तस्कर पकड़ने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रमीत कुमार, मुख्य आरक्षी दीपक सिंह और महिला आरक्षी कुन्ती शामिल रहीं।
पीयूष गुप्ता
