सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया क्षेत्र में अवैध रेत खदान सिंडिकेट को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है। जिला खनिज अधिकारी को सौंपे गए लिखित आवेदन में गंभीर आरोप लगाए गए हैं कि ग्राम सांकरा, नदीगांव और पोटिया में बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन और भंडारण किया जा रहा है।
आवेदन के मुताबिक, सांकरा निवासी अनिल मिश्रा द्वारा जेसीबी और ट्रैक्टरों के माध्यम से महानदी से प्रतिदिन लगभग 300 ट्रैक्टर ट्रॉली रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा है। आरोप है कि बिना किसी शासकीय अनुमति के रॉयल्टी के नाम पर प्रति ट्रॉली 300 रुपये की अवैध वसूली भी की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि जब कोई व्यक्ति रेत खदान स्थल पर सवाल उठाने पहुंचता है, तब एक बड़े भाजपा नेता का नाम लेकर दबाव बनाया जाता है। लगातार भारी मशीनों के उपयोग से नदी का प्राकृतिक स्वरूप बिगड़ने और जलस्तर प्रभावित होने की बात भी आवेदन में कही गई है।
अब सवाल यह उठता है कि — ❓ आखिर किसके संरक्षण में चल रहा यह अवैध कारोबार?
❓ प्रशासन कब करेगा बड़ी कार्रवाई?
❓ क्या राजस्व और पर्यावरण को हो रहे नुकसान की होगी भरपाई?
आवेदक नितिन कुमार पाणिग्रही ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
📌 फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
संवाददाता -चंद्रिका प्रसाद भास्कर
