राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाएं धरातल पर किसानों की तकदीर बदल रही हैं। कृषि विभाग की तारबंदी योजना से जहाजपुर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत रोंपा निवासी कृषक लादू लाल आचार्य के खेत की फसल अब आवारा पशुओं से पूरी तरह सुरक्षित हो गई है।
कृषक लादू लाल को योजना के तहत 40 हजार रुपये का अनुदान मिलने के बाद उनके के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है। कृषक लादू लाल ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2025-26 में कृषि विभाग द्वारा संचालित तारबंदी योजना के तहत आवेदन किया था। प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद नियमानुसार 400 मीटर परिधि में खेत के चारों ओर तारबंदी करवाई। कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा भौतिक सत्यापन के उपरांत उन्हें 4०,००० रुपये की अनुदान राशि सीधे बैंक खाते में प्राप्त हुई।
लादू लाल ने बताया कि पहले नीलगाय एवं अन्य आवारा पशु खेत में घुसकर पूरी फसल को नष्ट कर देते थे। रात-दिन रखवाली के बावजूद नुकसान उठाना पड़ता था। तारबंदी होने से अब खेत की फसल की रक्षा हो रही है। पैदावार बढ़ने से आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और घर की आमदनी में भी वृद्धि हुई है। उन्होंने राज्य सरकार एवं कृषि विभाग का आभार जताते हुए कहा कि वे अब अन्य किसानों को भी इस योजना की जानकारी दे रहे हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा किसान लाभान्वित हो सकें।
