जनगणना 2027 के प्रथम चरण जो कि 16 मई से शुरू होकर 14 जून मध्य रात्रि तक चलेगा, के अन्तर्गत हमीरगढ़ में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के फील्ड कार्यों का निरीक्षण उप जिला जनगणना अधिकारी डॉ. सोनलराज कोठारी एवं चार्ज जनगणना अधिकारी तहसीलदार हमीरगढ़ श्री भंवर लाल सैन द्वारा किया गया।
फील्ड विजिट के दौरान अधिकारियों ने ग्राम श्रीरामनगर, गुवारड़ी एवं स्वरूपगंज के जनगणना ब्लॉकों का निरीक्षण कर मकान सूचीकरण सहित विभिन्न जनगणना कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निदेशालय से नियुक्त भीलवाड़ा जिले के मास्टर ट्रेनर विरेन्द्र शर्मा ने फिल्ड में आ रही तकनीकी समस्याओं के संबंध में उपस्थित पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों का मार्गदर्शन किया।
निरीक्षण के पश्चात तहसील कार्यालय हमीरगढ़ में उप जिला जनगणना अधिकारी एवं चार्ज अधिकारी की अध्यक्षता में पर्यवेक्षकों की साप्ताहिक जनगणना प्रगति समीक्षा बैठक ली गई। बैठक के दौरान फील्ड में आ रही तकनीकी एवं अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही फील्ड ट्रेनर्स द्वारा जनगणना ब्लॉकों के नजरी नक्शों की जांच भी की गई। अधिकारियों ने जनगणना कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से एवं निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने एवं प्रगणकों के कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इस अवसर पर डॉ सोनलराज कोठारी ने सभी नागरिकों से जनगणना जैसे राट्रीय महत्त्व के कार्य में प्रगणकों का आवश्यक सहयोग करने एवं सही व सटीक सूचना देने की अपील की।
बैठक में मास्टर ट्रेनर विरेन्द्र शर्मा, जिला जनगणना कार्यालय से सहायक सांख्यकी अधिकारी विनोद खोईवाल, फील्ड ट्रेनर नीरज गंगवाल एवं दीपक शर्मा सहित चार्ज तहसील हमीरगढ़ के सभी पर्यवेक्षक तथा जनगणना सेल के कार्मिक राजेन्द्र तिवाड़ी एवं हरीश गंगवाल मौजूद रहे।
