*जिले में जनगणना 2027 का फील्ड कार्य आज से प्रारंभ*
जिले में जनगणना 2027 के अंतर्गत फील्ड कार्य का शुभारंभ शनिवार से कर दिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य को सुचारु, प्रभावी एवं त्रुटिरहित रूप से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व में ही सुनिश्चित कर ली गई थीं।
जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित स्व-गणना अभियान के अंतर्गत जिले के लगभग 28,809 नागरिकों द्वारा स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कराई गई, जो आमजन की सक्रिय सहभागिता एवं जागरूकता का परिचायक है।
जिले की कुल 4568 इन्यूमरेशन ब्लॉक (HLB) में जनगणना कार्य प्रारंभ किया गया है, जिसके लिए 4163 प्रगणकों को नियुक्त किया गया है। साथ ही कार्य की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं पर्यवेक्षण हेतु 707 पर्यवेक्षकों को लगाया गया है। सभी कार्मिकों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कर कार्य हेतु नियुक्त किया गया है।
जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे जनगणना कार्य में सहयोग प्रदान करते हुए प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे जनगणना कार्य निर्धारित समयावधि में सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा सके। नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
