जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायला थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 2 किलो 66 ग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य और वृताधिकारी जितेन्द्र सिंह के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी मुलचंद वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने 30 अप्रैल 2026 को थाना रायला के सामने भीलवाड़ा-गुलाबपुरा रोड पर नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की।
इस दौरान भरतपुर डिपो की रोडवेज बस (RJ 13 PB 0386) को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति बस से उतरकर भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने पीछा कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम किशन पुत्र लक्ष्मण (32) निवासी तुमड़िया, थाना साडास, जिला चित्तौड़गढ़ बताया।
तलाशी लेने पर आरोपी ने अपने दोनों पैरों पर प्लास्टिक की थैलियों में अफीम बांध रखी थी, जिसे पीली टेप से छिपाया गया था। बरामद अफीम का कुल वजन 2 किलो 66 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर को सौंपी गई है।
पुलिस टीम में शामिल सदस्य:
थानाधिकारी मुलचंद वर्मा, कांस्टेबल राकेश भंडारी (डीएसटी), दुलीचंद, विक्रम और बनवारीलाल शामिल रहे।
गिरफ्तार आरोपी:
किशन पुत्र लक्ष्मण बैरवा (32), निवासी तुमड़िया, थाना साडास, जिला चित्तौड़गढ़।
देवकरण माली
