रानीतराई। ग्राम पंचायत औंसर-डिघारी में गांव की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने एवं निगरानी तंत्र को प्रभावी करने के उद्देश्य से प्रमुख स्थानों पर 15 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पंचायत की इस पहल से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है और गांव में होने वाली गतिविधियों पर बेहतर नजर रखी जा सकेगी।
ग्राम पंचायत द्वारा मुख्य चौक, पंचायत भवन, स्कूल, सार्वजनिक स्थल तथा आवागमन वाले प्रमुख क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से गांव में आने-जाने वाले लोगों एवं गतिविधियों की निगरानी की जा सकेगी, जिससे असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण रखने में सहायता मिलेगी।
ग्राम पंचायत की सरपंच प्रियालता महिपाल ने बताया कि गांव में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे लगने से चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगेगी तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सकेगी। साथ ही आने वाले समय में गांव के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी अतिरिक्त कैमरे लगाए जाएंगे।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जल्द ही इस पूरी व्यवस्था को पुलिस विभाग की “त्रिनेत्र एप” से जोड़ा जाएगा। इससे गांव की सुरक्षा निगरानी और अधिक प्रभावी होगी तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस प्रशासन को भी तुरंत सहायता मिल सकेगी।
ग्रामीणों ने पंचायत की इस आधुनिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि तकनीक के उपयोग से गांव की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों में सुरक्षा की भावना और अधिक बढ़ेगी।
रिपोर्ट गोपेश साहू
