प्रदीप बैरागी झारडा
तहसील झारडा जिला उज्जैन मध्य प्रदेश
झारड़ा नगर में चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री हनुमान जन्मोत्सव भक्तों द्वारा हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। नगर के कांटे वाले श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर पर भगवान हनुमान जी का आकर्षक श्रृंगार किया गया। मंदिर को फूलों की मालाओं एवं लाइट डेकोरेशन से भव्य रूप से सजाया गया। तत्पश्चात श्री खेड़ापति हनुमान जी महाराज बग्गी में विराजित होकर नगर भ्रमण के लिए निकले, जिससे पूरे नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया। चल समारोह नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुआ।
मंदिर पहुंचने पर पुजारी श्री प्रदीप बैरागी द्वारा विधि-विधान से महाआरती की गई तथा महाप्रसाद का वितरण किया गया। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पमालाओं एवं पुष्पवर्षा कर चल समारोह का भव्य स्वागत किया।
इसी क्रम में श्री पावठिया हनुमान मंदिर, श्री बड़े राम मंदिर परिसर स्थित हनुमान मंदिर एवं श्री राम मंदिर कुमावत मोहल्ला में भी हनुमान जी का आकर्षक श्रृंगार किया गया। सभी स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा महाआरती कर महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिससे पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण व्याप्त रहा।
