गुना से विकास रजक
गुना जिले के मृगवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कागलियापुरा में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सनकी युवक ने खेत पर बैठे ग्रामीण की कुल्हाड़ी मारकर नृशंस हत्या कर दी। हमला इतना घातक था कि गर्दन और सिर पर वार होते ही युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी ने पुलिस टीम पर पथराव भी किया, लेकिन जवानों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल चलाते समय पीछे से हुआ कातिलाना हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9 बजे 36 वर्षीय दीवान सिंह भील पुत्र अमरचंद अपने महुआ वाले खेत पर बैठकर मोबाइल चला रहे थे। वे अपने काम में मग्न थे, तभी गांव का ही दिनेश भील पुत्र जमनालाल कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचा। इससे पहले कि दीवान सिंह कुछ समझ पाते, दिनेश ने पीछे से उनके सिर और गर्दन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण दीवान सिंह की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
