पिड़ावा तहसील से संवाददाता मोहम्मद इस्लाम
पिड़ावा। उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत शेरपुर के कल्याणपुरा गांव में निर्माणाधीन माइक्रो डेम को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने बांध निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य रुकवाने और गुणवत्ता की जांच की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से करीब 69 करोड़ रुपये की लागत से माइक्रो डेम का निर्माण कार्य सिंचाई विभाग द्वारा कराया जा रहा है। लेकिन निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी और घटिया सामग्री के उपयोग के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि संवेदक द्वारा मनमर्जी से काम किया जा रहा है और कई बार शिकायत करने के बावजूद सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। बिना गुणवत्ता जांच के ही निर्माण कार्य जारी रखा जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि इसी तरह घटिया निर्माण होता रहा तो बांध की मजबूती पर सवाल खड़े हो सकते हैं और भविष्य में इसके टूटने का खतरा भी बना रहेगा, जिससे आसपास के गांवों में जनहानि और नुकसान की आशंका है। इस स्थिति को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य को तुरंत प्रभाव से रोका जाए तथा अब तक किए गए कार्य की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए, ताकि गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में कांग्रेस मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, मानसिंह, प्रताप सिंह, पुरसिंह, विक्रमसिंह, सुरेश सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
