संवाददाता - गजेंद्र पटैल
लोकेशन -जिला मंडला
जिले के अंजनियां चौकी क्षेत्र अंतर्गत करियागांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। घर से लापता युवक का शव उसी के घर के सेप्टिक टैंक में टुकड़ों में बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी और दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान आशीष साहू (28) के रूप में हुई है। चौकी पुलिस के अनुसार आशीष के पिता मुन्ना लाल ने 15 अप्रैल को अंजनियां चौकी में बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से पुलिस युवक की तलाश में जुटी थी।
सेप्टिक टैंक से उठी बदबू से खुला राज-
शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे परिजनों ने घर के सेप्टिक टैंक से तेज बदबू आने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने टैंक खुलवाया, जहां से युवक का शव टुकड़ों में बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए अंजनियां भेजा गया है।
बड़े भाई पर हत्या का आरोप-
मृतक के पिता मुन्ना लाल ने अपने बड़े बेटे घनश्याम साहू (30) पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि दोनों भाइयों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। पुलिस ने संदेह के आधार पर घनश्याम से पूछताछ शुरू कर दी है।
संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह-
जानकारी के अनुसार मृतक आशीष के नाम जमीन, मकान और ट्रैक्टर सहित पूरी संपत्ति थी। इसी को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस एँगल से जांच कर रही है।
परिवार में थे सिर्फ तीन सदस्य-
परिवार में पिता और दोनों बेटे ही रहते थे। घटना के दौरान पिता 9 अप्रैल क़ो परिजनों के यहां छमासी कार्यक्रम मे दिवारा गए थे l और बाद वहीं से 11अप्रैल क़ो अपने भांजे के यहां सत्य नारायण की कथा में मांगा गांव आ गए l इसी दौरान 11 अप्रैल क़ो करियागांव से युवक अपने पिता के पास मांगा कार्यक्रम मे शामिल होने गया l और कार्यक्रम मे शामिल होकर वापस घर लौट आया l इसी बीच 12 अप्रैल को बड़े भाई घनश्याम ने मांगा पहुंचकर पिता को सूचना दी कि आशीष लापता है। और वह साथ रुक गए l तेरह अप्रैल क़ो बड़े बेटे और पिता घर आए l इसके बाद तलाश शुरू हुई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
एफएसएल टीम को मिले अहम सुराग-
घटना के बाद एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण किया। घर के अंदर खून के धब्बे भी बरामद हुए हैं।पुलिस की पूछताछ मे घनश्याम ने कुल्हाड़ी से हमला करने की बात कही है l लेकिन घटना का सही समय और हथियार अब तक बरामद नहीं हुआ है।
पीएम रिपोर्ट का इंतजार-
फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
