संवाददाता खुमेश यादव
नियमों का पालन करने वाले चालकों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
नारायणपुर पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं पर पूर्ण नियंत्रण के ध्येय से व्यापक यातायात अभियान एवं सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया के निर्देशन में जिला मुख्यालय सहित समस्त थाना क्षेत्रों में प्रभावी रूप से चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने वाले एवं सीट बेल्ट लगाकर चारपहिया वाहन चलाने वाले चालकों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया, वहीं अन्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग के संबंध में समझाइश दी गई। जिला पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वयं की सुरक्षा एवं दूसरों के जीवन की रक्षा हेतु यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें तथा इस अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
पुलिस अधीक्षक श्री गुड़िया ने बताया कि जनजागरूकता अभियान के पश्चात शीघ्र ही यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती से चालानी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने, बाइक में तीन सवारी बैठाने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध किसी भी स्थिति में नरमी नहीं बरती जाएगी।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार नायक के मार्गदर्शन एवं यातायात प्रभारी (रक्षित निरीक्षक) मोहसिन खान के नेतृत्व में दिनांक 05 अप्रैल 2026 को राष्ट्रीय राजमार्ग 130डी गढ़बेगांल तिराहा में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान विशेष रूप से मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने तथा भारी वाहनों के दस्तावेजों की गहन जांच की गई। अभियान के अंतर्गत मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने वाले कुल 15 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही किया गया, वहीं सघन वाहन चेकिंग के दौरान कुल 40 वाहन चालकों के खिलाफ कार्यवाही किया गया। चेकिंग के दौरान कई वाहनों के दस्तावेज सही पाए गए, जबकि कुछ में मामूली त्रुटि पाए जाने पर संबंधित चालकों को चेतावनी देकर छोड़ा गया।
पुलिस अधीक्षक श्री गुड़िया ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाएं तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन में सहयोग करें। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुशील नायक ने भी वाहन चालकों से आग्रह किया कि वे सदैव हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, नाबालिगों को वाहन न चलाने दें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें तथा यातायात संकेतों का पालन करें।
“आपकी सुरक्षा, हमारी जिम्मेदारी; यातायात नियमों का पालन है बड़ी समझदारी।”
