राजगढ़ 15 अप्रैल, 2026
जिले के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री सुलभ कराने तथा निजी विद्यालयों द्वारा पाठ्य सामग्री व पुस्तकों की मनमानी दरों पर रोक लगाने के उद्देश्य से राजगढ़ शहर में तीन दिवसीय पुस्तक मेले का शुभारंभ बुधवार को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में किया गया। पुस्तक मेले का शुभारंभ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, पूर्व विधायक श्री रघुनंदन शर्मा, अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी श्रीमती निधि भारद्वाज, भाजपा महामंत्री श्री देवीसिंह सौंधिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सीएमओ, डीपीसी, बीईओ, बीएसी, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।
मेले में शहर के विभिन्न शैक्षणिक सामग्री विक्रेताओं द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए हैं, जहां विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को एक ही स्थान पर आवश्यक पाठ्य पुस्तकें एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री उचित एवं निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराई जा रही है। यह पुस्तक मेला 15 अप्रैल से 17 अप्रैल, 2026 तक प्रतिदिन प्रात: 10 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित किया जाएगा। मेले के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री सहजता से उपलब्ध कराने के साथ-साथ अभिभावकों को भी राहत प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने जिले के सभी अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि वे पुस्तक मेले का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आवश्यक सामग्री निर्धारित दरों पर प्राप्त करें।
