भीलवाड़ा। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गांधीनगर थाना पुलिस ने एक आरोपी को देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन में यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन एवं वृत्ताधिकारी सज्जन सिंह के सुपरविजन में की गई।
थानाधिकारी डॉ. नेहा राव (आरपीएस) के नेतृत्व में गठित टीम को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 200 फीट रोड स्थित ओसवाल एम्पायर के पास पुलिया के नीचे एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम अर्जुन मीणा (20) पुत्र रतनलाल मीणा निवासी भदाली खेड़ा, थाना गांधीनगर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्टल बरामद हुई, जिसमें मैगजीन लगी हुई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा हथियार की खरीद-फरोख्त के संबंध में जांच जारी है।
टीम का विशेष योगदान
इस कार्रवाई में एएसआई सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल भगवान दास, कांस्टेबल सीताराम एवं शंकरलाल (विशेष टीम), तेजाराम और भूपेंद्र सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
