लहार, पूज्य संतों के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में संचालित राष्ट्रव्यापी 'गौ सम्मान आह्वान अभियान' की स्टार प्रचारक, 5 वर्षीय नन्हीं गौरक्षक गायत्री चौहान के नेतृत्व में हजारों नागरिकों ने भारत सरकार के नाम संबोधित ज्ञापन लहार एसडीएम विजय यादव को सौंपा। लहार नगर के निवासी गौरक्षक संतोष चौहान की सुपुत्री गायत्री चौहान ने नगर के वरिष्ठ समाजसेवियों एवं गौ भक्तों के साथ केसरिया ध्वज लहराते हुए भव्य पदयात्रा निकाली। यह पदयात्रा एसडीएम कार्यालय पहुंची, जहाँ लगभग 1800 नागरिकों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन महामहिम राष्ट्रपति, राज्यपाल, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम प्रस्तुत किया गया।ज्ञापन में गौ माता को 'राष्ट्रमाता' का दर्जा देने एवं गो-हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की पुरजोर मांग की गई। इस अवसर पर उपस्थित विशाल जनसमूह ने "गो हत्या बंद करो" एवं "गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करो" के ओजस्वी नारों से संपूर्ण वातावरण गुंजायमान कर दिया।नन्हीं गायत्री चौहान की इस पहल ने समाज में गौ सेवा एवं गौ रक्षा के प्रति एक नई चेतना का संचार किया है। आयोजन में उपस्थित प्रबुद्धजनों ने बाल गौरक्षक गायत्री चौहान के संकल्प साहस एवं गौभक्ति की भावना की मुक्त कंठ से सराहना की।
अरविंद सिंह जादौन
