संवाददाता विनोद विश्वकर्मा जबलपुर एमपी
जबलपुर। शहर के त्रिपुरी चौक क्षेत्र में शराब बिक्री को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि यहां सुबह 6 बजे ही शराब दुकान के एक कथित 'गोपनीय छेद' के जरिए शराब बेची जा रही है। इस घटनाक्रम ने न केवल आबकारी नियमों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि प्रशासनिक निगरानी पर भी चर्चा तेज कर दी है।
आरोप है कि दुकान पर निर्धारित समय से पहले ही शराब की बिक्री शुरू कर दी जाती है और इसके लिए दुकान के भीतर से एक गुप्त रास्ते या छोटे छेद का इस्तेमाल किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस तरीके से ग्राहकों को शराब उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि शराब की बिक्री केवल तय समय से पहले ही नहीं की जा रही, बल्कि प्रिंट रेट से अधिक कीमत वसूलकर ओवररेटिंग भी की जा रही है। इससे साफ है कि नियमों को दरकिनार कर मुनाफाखोरी का खेल चलाया जा रहा है।
सबसे हैरानी की बात यह बताई जा रही है कि संबंधित शराब दुकान गढ़ा थाना से महज कुछ कदमों की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद खुलेआम इस तरह की गतिविधियां जारी रहने से पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इस मामले को लेकर महिलाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध भी दर्ज कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि विरोध के बाद भी यदि हालात जस के तस बने हुए हैं, तो यह प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है।
फिलहाल मामले को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि कथित अवैध बिक्री, ओवररेटिंग और नियमों के उल्लंघन की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
