भीलवाड़ा = शहर के श्री निंबार्क आश्रम में युवा ब्रह्म शक्ति संगठन द्वारा भगवान श्री परशुराम जी का प्राकट्य उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विप्र समाज के महिला-पुरुषों और युवाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। पूरे आयोजन स्थल पर ‘जय परशुराम’ के जयघोष गूंजते रहे।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण भगवान परशुराम की महाआरती रही, जो उज्जैन के महाकाल मंदिर की तर्ज पर आयोजित की गई। इस दौरान महिलाओं द्वारा एक साथ 501 दीपक प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा आश्रम परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। भक्ति संगीत और शंखनाद के बीच संपन्न हुई आरती ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम श्री निंबार्क आश्रम के महंत मोहन शरण शास्त्री के सानिध्य में आयोजित हुआ। इस अवसर पर संगठन पदाधिकारियों ने महंत का माल्यार्पण कर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत-अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन हंसा व्यास ने किया।
पदाधिकारियों की रही सक्रिय भागीदारी
समारोह में महिला प्रदेश अध्यक्ष नीलम शर्मा, जिला अध्यक्ष कमलेश पालीवाल एवं महिला जिला अध्यक्ष सुनीता व्यास के नेतृत्व में कार्यकारिणी ने व्यवस्थाएं संभाली।
इस दौरान पूजा शर्मा, ऊषा पारीक, वंदना शर्मा, अंजली शर्मा, अपर्णा ओझा, विनोद ओझा, गोपाल नागर, रवि गर्ग, पुरुषोत्तम शर्मा, ओम पारीक, राजेंद्र पारीक, गोपाल सुखवाल, आशीष शर्मा, निलेश पाराशर, अंश शर्मा, माधव शर्मा, राज शर्मा सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
