पिड़ावा तहसील से संवाददाता मोहम्मद इस्लाम
पिड़ावा, शनिवार। क्षेत्र के ग्राम सेमली चौहान में शनिवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और करीब 20 मिनट तक तेज ओलावृष्टि हुई। अचानक हुई इस प्राकृतिक घटना से पूरा गांव सफेद चादर से ढक गया, जिससे ग्रामीण अचंभित रह गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ काले बादल छा गए और देखते ही देखते ओले गिरने लगे। करीब 20 मिनट तक लगातार हुई ओलावृष्टि से गांव की सड़कों, आंगनों और खुले स्थानों पर ओलों की मोटी परत जम गई, जिससे कुछ समय के लिए जनजीवन भी प्रभावित हुआ।
ओलावृष्टि का सबसे अधिक असर खेत-खलिहानों पर देखा गया। किसानों के अनुसार खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सर्वे करवाकर नुकसान का आकलन करने और मुआवजा दिलाने की मांग की है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इन दिनों सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। इसी के चलते हाड़ौती क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में अचानक मौसम परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
ग्रामीण बहादुर सिंह चौहान, तेजसिंह, गोरधन सिंह, रोशन सिंह, दिनेश कुमार, परबतलाल और रामसिंह ने बताया कि यदि समय रहते नुकसान का आकलन कर सहायता नहीं मिली तो किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है।
