डीएसटी व मांडलगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार
जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मांडलगढ़ थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक स्विफ्ट कार से 14.720 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोकथाम के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन एवं वृताधिकारी बाबूलाल विश्नोई के सुपरविजन में थानाधिकारी घनश्याम मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
ऐसे हुई कार्रवाई:
डीएसटी टीम प्रभारी अशोक कड़वा को सूचना मिली कि एक ग्रे रंग की स्विफ्ट कार (आरजे 09 सीई 2326) संदिग्ध रूप से काटून्दा मोड़ से लाडपुरा की ओर जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने श्रीजी पेट्रोल पंप, रात्याखेड़ा के पास नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने यू-टर्न लेकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर रामपुरिया-धाकड़खेड़ी रोड पर वाहन को रुकवाया।
तलाशी में मिला नशा:
कार की तलाशी लेने पर एक काले कट्टे में भरा 14.720 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान:
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रतनलाल मीणा (33) पुत्र गोपी लाल, निवासी शिवपुरा थाना पारसोली जिला चित्तौड़गढ़ के रूप में हुई है।
मामला दर्ज:
इस संबंध में मांडलगढ़ थाने में प्रकरण संख्या 102/2026 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
टीम का विशेष योगदान:
कार्रवाई में मांडलगढ़ थाना पुलिस टीम के साथ डीएसटी टीम के अशोक कड़वा, गोपालराम, शंकरलाल, कन्हैयालाल एवं कमल कुमार का विशेष योगदान रहा।
