गुना कलेक्टर महोदय श्री किशोर कुमार कन्याल के स्वच्छ एवं तंबाकू-मुक्त जिला चिकित्सालय के उद्देश्य की पूर्ति हेतु उनके प्रभावी निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिवर के मार्गदर्शन में आज जिला चिकित्सालय परिसर एवं विभिन्न वार्डों में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत सघन कार्यवाही की गई।
कार्यवाही के दौरान अस्पताल परिसर में तंबाकू का सेवन करते पाए गए 13 व्यक्तियों पर कुल 1450 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। खेद का विषय यह रहा कि कार्यवाही के समय कुछ पढ़े-लिखे एवं शिक्षित व्यक्ति भी नियमों का उल्लंघन करते हुए अनावश्यक वार्तालाप करते पाए गए, जबकि कई जागरूक नागरिकों द्वारा की जा रही इस पहल की सराहना भी की गई।
इस दौरान डॉ. आर. एस. भाटी (मानसिक रोग विशेषज्ञ) एवं डॉ. विशाल डाबर (मेडिकल ऑफिसर) द्वारा जुर्माना कार्यवाही में व्यवधान उत्पन्न कर रहे लोगों को समझाइश दी गई तथा अस्पताल परिसर को स्वच्छ एवं तंबाकू-मुक्त बनाए रखने में सहयोग करने हेतु प्रेरित किया गया।
