पिड़ावा तहसील से संवाददाता मोहम्मद
पिड़ावा क्षेत्र के सेमली चौहान स्थित मां अन्नपूर्णा धाम में नवरात्रि पर्व के शुभ अवसर पर विधिवत घट स्थापना के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ हो गया। पहाड़ी पर स्थित इस प्रसिद्ध मंदिर में पहले ही दिन से श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही देखने को मिली, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बन गया है।
समाजसेवी बहादुर सिंह चौहान ने बताया कि नवरात्रि के अवसर पर मंदिर में घट स्थापना कर अखंड दुर्गा पाठ प्रारंभ किया गया है, जो नौ दिनों तक लगातार चलेगा। साथ ही यहां बारह माह से अखंड ज्योति भी प्रज्ज्वलित रहती है, जो इस धाम की विशेष पहचान है।
मंदिर को आकर्षक फूलों एवं रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी से सजाया गया है, जिससे पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। मंदिर पुजारी गुमान सिंह द्वारा प्रतिदिन तीन बार विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। श्रद्धालुओं का मानना है कि सच्चे मन से मां अन्नपूर्णा के दरबार में मांगी गई हर मनोकामना पूर्ण होती है।
इस धाम की एक खास परंपरा यह भी है कि नवरात्रि के नौ दिनों तक ग्रामवासियों के सहयोग से अखंड दुर्गा पाठ आयोजित किया जाता है तथा रात्रि में भंडारे का आयोजन भी किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं।
ऊंची पहाड़ी पर स्थित इस मंदिर से मालवा एवं सोधवाड़ क्षेत्र का मनमोहक दृश्य दिखाई देता है, जो यहां आने वाले भक्तों को आध्यात्मिक शांति के साथ प्राकृतिक सौंदर्य का भी अनुभव कराता है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान के श्रद्धालुओं के लिए यह धाम एक प्रमुख आस्था केंद्र के रूप में जाना जाता है, जहां नवरात्रि के दौरान आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं।
