रोशनी आनंद वि. सिंह पन्ना-
पन्ना। जिले के लोगों का वर्षों पुराना इंतजार आखिरकार पूरा होने की ओर है। 1600 करोड़ रुपए की लागत से बन रही ललितपुर–सिंगरौली रेल परियोजना के तहत फूलवारी से नागौद के बीच ट्रायल रन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान ट्रेन ने करीब 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़कर क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगा दी।
मंगलवार शाम करीब 5:35 बजे हुए इस ट्रायल रन के दौरान पहली बार पन्ना क्षेत्र में ट्रेन की आवाज गूंजी, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए। फूलवारी स्टेशन पर ग्रामीणों ने रंगोली सजाकर और उत्साह के साथ रेलवे अधिकारियों व सेफ्टी निरीक्षण टीम का स्वागत किया।
जानकारी के अनुसार, सतना–पन्ना रेल परियोजना के तहत कुल 74 किमी नई रेल लाइन में से 45 किमी ट्रैक का कार्य पूरा हो चुका है। फूलवारी से देवेंद्रनगर के बीच शेष कार्य अंतिम चरण में है और आगामी माह तक 52 किमी ट्रैक तैयार होने की संभावना है। पूरे प्रोजेक्ट को इस वर्ष दिसंबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस रेल परियोजना के पूर्ण होने से पन्ना जिला सीधे रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा, जिससे क्षेत्र में व्यापार, रोजगार और आवागमन के नए अवसर खुलेंगे। स्थानीय लोगों ने इस पहल के लिए रेलवे विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द परियोजना पूर्ण करने की मांग की है।
