पिड़ावा तहसील से संवाददाता मोहम्मद इस्लाम
पिड़ावा। शहर में ईद-उल-फितर का पावन पर्व हर्षोल्लास, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम समाज के लोग सुबह करीब 8 बजे गढ़ी स्थित मस्जिद में एकत्रित हुए, जहां से शहरकाजी मुफ्ती अमीरुद्दीन के नेतृत्व में जुलूस ईदगाह मस्जिद के लिए रवाना हुआ।
ईदगाह में मुफ्ती अजहरुद्दीन द्वारा ईद की नमाज अदा करवाई गई। नमाज के बाद देश में अमन, शांति और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई। इसके पश्चात जुलूस पुनः प्रारंभ हुआ, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ वापस गढ़ी की मस्जिद पहुंचकर संपन्न हुआ।
जुलूस के दौरान शहर में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। विभिन्न स्थानों पर हिंदू, मुस्लिम एवं जैन समाज के लोगों ने जुलूस का स्वागत करते हुए जलपान की व्यवस्था की।
