फाल्गुन माह के आगमन के साथ ही पिड़ावा कस्बे में होली का उल्लास देखने को मिल रहा है। होली का पर्व नजदीक आते ही मुख्य बाजार रंग-बिरंगे गुलाल, आकर्षक पिचकारियों और विभिन्न प्रकार की खांडी से सज गया है। बाजारों में ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ गई है और खरीदारी जोर पकड़ रही है।
मुख्य बाजार के दुकानदार गोविंद ने बताया कि इस वर्ष रंग, गुलाल और पिचकारियों की अच्छी बिक्री हो रही है। वहीं मनोज ने बताया कि लोग इस बार हर्बल गुलाल को प्राथमिकता दे रहे हैं और प्राकृतिक रंगों से होली खेलने का संकल्प ले रहे हैं।
व्यापारी मोनू भावसार और कालूराम ने जानकारी दी कि बदलते समय के साथ पिचकारियों के डिजाइन और नामों में भी नया आकर्षण देखने को मिल रहा है। बाजार में फिल्मी नामों और कार्टून थीम वाली पिचकारियां बच्चों को खूब लुभा रही हैं। छोटे बच्चों से लेकर युवाओं तक में खासा उत्साह नजर आ रहा है।
कस्बे में कई लोगों ने इस बार सूखी होली और तिलक लगाकर होली मनाने का संकल्प लिया है, जिससे पर्यावरण संरक्षण और पानी की बचत का संदेश भी दिया जा रहा है।
कुल मिलाकर पिड़ावा में होली को लेकर उत्साह चरम पर है और रंगों के इस पर्व की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
संवाददाता मोहम्मद इस्लाम
