राजस्थान राजसमंद जिले के केलवा में ‘माय भारत’ के निर्देशन में स्वामी विवेकानंद युवा मंडल एवं “स्वच्छ केलवा, हरित केलवा” की ओर से शहीद दिवस के अवसर पर स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
युवा मंडल अध्यक्ष लालू राम सिंधल ने बताया कि 23 मार्च को ‘शहीद दिवस’ के रूप में मनाया जाता है, जो भारतीय इतिहास का एक अत्यंत पवित्र और प्रेरणादायक दिन है। इस दिन भगत सिंह, शिवराम राजगुरु और सुखदेव थापर जैसे महान क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया।
इस अवसर पर ‘माय भारत’ के आह्वान पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के तहत युवा मंडल के महिला कार्यकर्ताओं ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक को एकत्रित कर उसे बोतलों में सुरक्षित रूप से भरा। इस पहल का उद्देश गोवंश को पॉलिथीन खाने से होने वाली हानि से बचाना तथा नालियों में प्लास्टिक जमा होने से रोकना है, जिससे जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
युवा मंडल के सदस्यों ने आमजन से अपील की कि वे भी इस अभियान से जुड़ें और अपने गांव को पॉलिथीन मुक्त बनाने में सहयोग करें।
इस दौरान युवा मंडल अध्यक्ष लालू राम सिंधल, महिला प्रभारी लक्ष्मी मेहता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ज्योति महात्मा, उपाध्यक्ष मीना रजक, भावना रजक, शिवानी वैष्णव, जसोदा, चीनू, आरती, कोमल, नीलम सहित अन्य कार्यकर्ता ने सहयोग किया ।
