संवाददाता धर्मेन्द्र कुमार
टहरौली (झांसी)। लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी झांसी जिले की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर चल रही चर्चाओं पर आखिरकार रविवार की शाम विराम लग गया। पार्टी नेतृत्व द्वारा संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अजनेरी निवासी एवं जिला पंचायत क्षेत्र भसनेह से भाजपा की पूर्व प्रत्याशी रहीं नीरू त्रिपाठी को भारतीय जनता पार्टी ने जिला मंत्री का दायित्व सौंपा है।
नीरू त्रिपाठी को जिला मंत्री बनाए जाने की घोषणा होते ही क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा पार्टी की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में नई ऊर्जा मिलेगी।
बताते चलें कि नव नियुक्त जिला मंत्री नीरू त्रिपाठी के पुत्र डॉ. योगेश त्रिपाठी भी सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। अजनेरी निवासी डॉ. योगेश त्रिपाठी संघ की पृष्ठभूमि से आते हैं और उन्होंने विद्यार्थी परिषद में रहते हुए कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।
वर्तमान में वे सहकार भारती के निवर्तमान जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
इसके साथ ही हाल ही में बीते महीने केंद्र सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय द्वारा डॉ. योगेश त्रिपाठी को उनके सामाजिक योगदान और कार्यों को देखते हुए डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित भी किया गया था।
नीरू त्रिपाठी के जिला मंत्री बनने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की है कि वे संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
