भीलवाड़ा = जिले के सहाड़ां विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत चीड़ खेड़ा में चीड़ खेड़ा चौराहे से गांव तक की लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़क का डामरीकरण कार्य पूर्ण हो गया है। सड़क निर्माण पूरा होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है और अब आवागमन सुगम हो गया है।
जानकारी के अनुसार, पहले इस सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर बारिश के मौसम में कीचड़ और जलभराव के चलते हालात और भी बदतर हो जाते थे, जिससे यह मार्ग कई बार हादसों का कारण भी बनता था।
ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से इस समस्या को जनप्रतिनिधियों व प्रशासन के समक्ष उठाया जा रहा था। मांग पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग ने सड़क निर्माण को स्वीकृति दी। कार्य को पूर्ण करवाने में क्षेत्रीय विधायक लादू लाल पितलिया का सहयोग रहा, वहीं ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच संतोकी देवी गुर्जर ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
सड़क के डामरीकरण के बाद अब ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनने से आवागमन आसान हुआ है और गांव का संपर्क भी बेहतर हुआ है, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की उम्मीद जताई है।
