पिड़ावा से तहसील संवाददाता मोहम्मद इस्लाम
पिड़ावा/रमायदलपत। ग्राम पंचायत रमायदलपत के ग्राम सारंगाखेड़ा में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार नारायण सिंह पुत्र भैरू सिंह के खेत में लगे ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों की ओर बढ़ने लगी।
आग लगने की सूचना मिलते ही सड़क से गुजर रहे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक रुक गए और कुछ लोगों ने तुरंत ग्रामीणों को मोबाइल के जरिए सूचना दी। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।
ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए नीम और झाड़ियों की टहनियों, मिट्टी तथा पानी की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई, लेकिन वाहन देरी से मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी सही स्थिति में नहीं थी और उसका वॉल खराब होने से पानी सही तरीके से उपयोग में नहीं आ सका।
आग की चपेट में लाल सिंह पुत्र नैन सिंह के खेत भी आ गए थे, जहां गेहूं की फसल के 8-10 क्यारों को नुकसान हुआ। हालांकि समय रहते ट्रैक्टर से खेत के बीच में पलाव निकालकर आग को आगे बढ़ने से रोक दिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
ग्रामीणों की तत्परता और सामूहिक प्रयास से सैकड़ों बीघा में खड़ी गेहूं और अलसी की फसल जलने से बच गई। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो करोड़ों रुपये की फसल नष्ट हो सकती थी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं में समय पर प्रभावी कार्रवाई हो सके।
