सीधी। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन में सीधी पुलिस ने एक अभिनव पहल करते हुए ‘सीधी पुलिस प्रीमियर लीग’ (SPPL) के प्रथम संस्करण का भव्य आयोजन पुलिस परेड ग्राउंड में किया। जिले के पुलिस इतिहास में पहली बार आयोजित इस क्रिकेट टूर्नामेंट ने जवानों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
इस प्रतियोगिता में हेडक्वार्टर-11, चुरहट-11, मझौली-11 और डीआरपी-11 टीमों ने भाग लिया। 15-15 ओवर के मुकाबलों में खेले गए इस टूर्नामेंट में कुल तीन मैच आयोजित हुए, जिनमें दो एलिमिनेटर और एक फाइनल शामिल रहा।
पहले एलिमिनेटर मैच में चुरहट-11 ने 143 रन बनाकर हेडक्वार्टर-11 को 27 रनों से हराया। दूसरे एलिमिनेटर में डीआरपी-11 ने मझौली-11 को 4 विकेट से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें चुरहट-11 ने 137 रन बनाकर डीआरपी-11 को 138 रनों का लक्ष्य दिया। डीआरपी-11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम ओवर में 2 विकेट से जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया।
डीआरपी-11 के कप्तान रक्षित निरीक्षक वीरेंद्र कुमरे ने टीम का उत्कृष्ट नेतृत्व करते हुए जीत दिलाई। वहीं, प्रमोद गौड़ ने अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से ‘मैन ऑफ द मैच’ और ‘मैन ऑफ द सीरीज’ दोनों खिताब जीते।
टूर्नामेंट में अंपायरिंग की जिम्मेदारी विक्की सिंह परिहार, सनी सिंह परिहार और मानिंद शेर अली खान ने निभाई, जिनके निष्पक्ष निर्णयों की सभी ने सराहना की।
समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से पुलिस कर्मियों का तनाव कम होता है और टीम भावना मजबूत होती है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक पहल बताते हुए भविष्य में और बड़े स्तर पर आयोजन की बात कही।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी और पुलिस परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
संवाददाता: गिरीश शुक्ला, सीधी
