अमरोहा। जनपद के डिडौली कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जोया स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर गन्ने से भरा एक ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भगदड़ जैसी स्थिति साफ नजर आ रही है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से बेधड़क ओवरलोड गन्ना ढोया जा रहा है। नियमों की खुलेआम अनदेखी के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। यही स्थिति भूसे से लदे ओवरलोड वाहनों की भी है, जो शहर और राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर गुजरते रहते हैं।
लोगों का आरोप है कि ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण न होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने सख्ती नहीं बरती, तो यह लापरवाही किसी दिन बड़ी जनहानि का कारण बन सकती है। हादसे के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
