AKO के वित्तीय सहयोग से आयोजित हुआ कार्यक्रम, शिक्षा और सामुदायिक सहभागिता पर जोर
पिड़ावा ग्राम पंचायत रमायदलपत सांगाखेड़ा ग्राम पंचायत रमायदलपत
सांगाखेड़ा में आज AKO के वित्तीय सहयोग से प्रथम संस्था द्वारा स्वयंसेवक प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गांव में शिक्षा और सामुदायिक विकास में योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित करना तथा उनके उत्साहवर्धन के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय स्टाफ, वार्ड पंच, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के सदस्य, उप स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ सहित प्रथम संस्था से सतीश शर्मा, राजेश सोनी, राहुल कुमार मेहर और रीना दांगी उपस्थित रहे। इसके अलावा कक्षा 1 व 2 के विद्यार्थियों की माताओं तथा आंगनवाड़ी केंद्र से जुड़ी माताओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
रचनात्मक गतिविधियों ने बांधा समां
समारोह के दौरान बच्चों और अभिभावकों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। माताओं ने बच्चों को प्रेरणादायक कहानियां सुनाकर कहानी वाचन किया। चिल्ड्रन क्लब के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रोल प्ले के माध्यम से सामाजिक संदेश प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं माताओं और बच्चों ने मिलकर चित्रकला गतिविधि में भाग लिया, जिसमें उनकी रचनात्मकता साफ झलकती नजर आई।
स्वयंसेवकों को मिला सम्मान
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा गांव में शिक्षा स्तर सुधारने और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य कर रहे स्वयंसेवकों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। ग्रामीणों ने प्रथम संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से गांव में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ती है और सामुदायिक सहभागिता को मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और अंत में सभी ने शिक्षा के क्षेत्र में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
