*पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण, अधिकारियों/कर्मचारियों को दी आवश्यक समझाइश*
*आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की तैयारी*
आज दिनांक 27/02/26 को पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमति निवेदिता नायडू के निर्देशन में पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में आगामी त्योहारों एवं आयोजनों को दृष्टिगत रखते हुए शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से व्यापक बलवा ड्रिल अभ्यास आयोजित कराया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री वंदना चौहान की उपस्थिति में पुलिस बल को दंगा नियंत्रण की विभिन्न परिस्थितियों के अनुरूप प्रशिक्षित किया गया।
ड्रिल के दौरान पुलिस बल की विभिन्न पार्टियां— अश्रु गैस पार्टी, केन पार्टी, लाठी पार्टी, राइफल पार्टी, पेट्रोलिंग पार्टी एवं रिजर्व पार्टी — का गठन कर यथार्थपरक अभ्यास कराया गया। अभ्यास के दौरान प्रदर्शनकारियों की भूमिका निभा रहे दल द्वारा नारेबाजी करते हुए पुलिस पर पत्थरनुमा वस्तुएं फेंकी गईं, जिसके पश्चात पुलिस द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार न्यूनतम आवश्यक बल का प्रयोग कर स्थिति को सफलतापूर्वक नियंत्रित किया गया।
आयोजित ड्रिल में पुलिस बल, मजिस्ट्रेट, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा प्रदर्शनकारियों की भूमिका निर्धारित कर समन्वित अभ्यास कराया गया। इस दौरान बलवा नियंत्रक वाहन, गिरफ्तारी वाहन, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, दो पहिया एवं चार पहिया मोबाइल पेट्रोलिंग वाहन तथा बचाव दल पूर्ण रूप से सक्रिय रहे, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
पुलिस अधीक्षक श्रीमति निवेदिता नायडू द्वारा ड्रिल का निरीक्षण कर उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों को संबोधित किया गया तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में बलवा ड्रिल के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। साथ ही अभ्यास के दौरान पाई गई कमियों एवं संभावित चुनौतियों के संबंध में आवश्यक समझाइश देते हुए भविष्य में और अधिक प्रभावी कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। उन्होंने बॉडी प्रोटेक्टर किट (बॉडीगार्ड, जाली, हेलमेट आदि) के महत्व पर विशेष बल देते हुए सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से सुरक्षात्मक उपकरण धारण करने के निर्देश दिए।
उक्त बलवा ड्रिल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री वंदना चौहान, समस्त अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, जिले के समस्त थाना प्रभारी के सहित लगभग 100 से अधिक पुलिस अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
रोशनी आनंद वि. सिंह
