Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

शिक्षक निलंबन के बाद महाविद्यालय में संतोष का माहौल :-NN81



एबीवीपी ने कहा— छात्राओं की सुरक्षा सर्वोपरि


शहर के माणिक्य लाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय में छात्रा से कथित दुर्व्यवहार के मामले में प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए संबंधित शिक्षक राजेंद्र सिंह यादव को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद कॉलेज परिसर में छात्रों के बीच संतोष का माहौल देखा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 फरवरी 2026 को शिक्षक पर शराब के नशे में छात्रा के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करने का आरोप लगा था। घटना के बाद विद्यार्थियों में रोष व्याप्त हो गया और छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। विद्यार्थियों का कहना था कि इस प्रकार की शिकायतें पूर्व में भी सामने आ चुकी थीं, जिन पर उचित कार्रवाई नहीं होने से असंतोष बढ़ रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने प्रारंभिक जांच के बाद संबंधित शिक्षक को निलंबित कर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोष सिद्ध होने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के महानगर मंत्री कुणाल सिंह राणावत ने प्रशासन के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम छात्राओं की सुरक्षा और महाविद्यालय की गरिमा बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि परिषद हमेशा छात्र-छात्राओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त रुख अपनाया जाएगा।

परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि जांच प्रक्रिया पूरी होने तक वे मामले पर नजर बनाए रखेंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और परिसर का शैक्षणिक वातावरण सुरक्षित बना रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes