Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

एसआईआर मतदाता सूची का हुआ अंतिम प्रकाशन :-NN81



एक जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर पन्ना जिले में 7 लाख 50 हजार 769 मतदाता पंजीकृत

प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन उपरांत बढ़े 14 हजार 837 मतदाता

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दल की बैठक में दी जानकारी

------------

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पन्ना जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 अंतर्गत शनिवार को पन्ना, पवई एवं गुनौर विधानसभा की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। इस मौके पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऊषा परमार की अध्यक्षता में राजनैतिक दल की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें जानकारी दी गई कि 21 फरवरी को एसआईआर मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन उपरांत जिले में कुल 7 लाख 50 हजार 769 मतदाता पंजीकृत हैं, जबकि इसके पहले 23 दिसम्बर को प्रकाशित प्रारंभिक मतदाता सूची में 7 लाख 35 हजार 932 मतदाता दर्ज थे। एसआईआर घोषणा तिथि 27 अक्टूबर की स्थिति में 7 लाख 76 हजार 76 मतदाता शामिल थे। सूची के प्रारंभिक प्रकाशन से अंतिम प्रकाशन की अवधि में शुद्ध रूप से कुल 14 हजार 837 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अंतर्गत विभिन्न चरणों में संपन्न कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देश मुताबिक सफल रूप से संपन्न हुई एसआईआर की समस्त गतिविधियों में निर्वाचन कार्य में संलग्न लोकसेवकों सहित सभी राजनैतिक दल का सहयोग भी सराहनीय रहा है। बैठक में राजनैतिक दल के अध्यक्ष व प्रतिनिधियों से प्रकाशित मतदाता सूची के संबंध में आवश्यक जानकारी को बूथ लेवल एजेन्ट तक पहुंचाने की अपेक्षा की गई। बैठक में विधानसभावार फोटोरहित मतदाता सूची की सीडी का वितरण किया गया। साथ ही फोटोयुक्त मतदाता सूची का सेट भी प्रदान किया गया। इस दौरान निरंतर रूप से नवीन नाम जोड़ने, निरसन और संशोधन के संबंध में अवगत कराया गया। बताया गया कि जिले में कुल एक हजार 4 मतदान केन्द्र हैं। एसआईआर प्रक्रिया अंतर्गत 23 दिसम्बर से 22 जनवरी तक दावा आपत्ति प्राप्त करने की अवधि निर्धारित थी। इस दौरान नवीन नाम जोड़ने के लिए 17 हजार 399 आवेदन स्वीकृत हुए, जबकि निरसन के लिए 2 हजार 122 आवेदन तथा आवश्यक संशोधन के लिए 6 हजार 357 आवेदन स्वीकृत हुए हैं। 

अंतिम मतदाता सूची अनुसार पवई विधानसभा में सर्वाधिक 2 लाख 77 हजार 144 मतदाता हैं। इनमें एक लाख 48 हजार 208 पुरूष मतदाता एवं एक लाख 28 हजार 936 महिला मतदाता शामिल हैं। गुनौर विधानसभा में एक लाख 22 हजार 834 पुरूष एवं एक लाख 5 हजार 653 महिला मतदाता सहित कुल 2 लाख 28 हजार 487 मतदाता हैं। इसी तरह पन्ना विधानसभा में 2 लाख 45 हजार 138 मतदाता शामिल हैं। इनमें एक लाख 32 हजार 152 पुरूष मतदाता, एक लाख 12 हजार 985 महिला मतदाता तथा एक अन्य मतदाता शामिल है। पन्ना विधानसभा में 185, पवई में 41 और गुनौर में 89 सर्विस वोटर्स हैं। एसआईआर प्रक्रिया में जिले के तीन विधानसभा अंतर्गत लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी एवं नो मैपिंग के एक लाख 46 हजार 466 नोटिस जारी कर तामील करवाए गए एवं सुनवाई का अवसर प्रदान कर प्रारंभिक सूची के आधार पर एक हजार 547 नाम विलोपित करने की कार्रवाई की गई। राजनैतिक दल की बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मधुवंतराव धुर्वे, निर्वाचन पर्यवेक्षक उमाशंकर दुबे सहित भारतीय जनता पार्टी से आशीष तिवारी एवं राजेश गुप्ता, इंडियन नेशनल कांग्रेस से राजबहादुर पटेल, बहुजन समाज पार्टी से चौधरी एस.बी. रमन और आम आदमी पार्टी से अंजली यादव उपस्थित रहीं।

रोशनी आनंद वि. सिंह  

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes