पिड़ावा। झालावाड़ जिले के पिड़ावा कस्बे में जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने स्टेट बैंक के पास स्थित रेस्ट हाउस परिसर में नवस्थापित पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) कार्यालय का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने सीएलजी (कम्युनिटी लायजन ग्रुप) सदस्यों की बैठक लेकर आमजन की समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान खारपा कलां के पूर्व सरपंच युवराज पाटीदार ने गांव में अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत के अनुरोध पर पंचायत समिति द्वारा तीन बार डीएसपी कार्यालय को पत्र भेजे गए, लेकिन अब तक पुलिस बल उपलब्ध नहीं कराया गया। इस पर एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
भूपेंद्र जैन ने शहर में खुलेआम घूम रहे नशेड़ियों पर रोक लगाने की मांग की। वहीं उपस्थित नागरिकों ने सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण से हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। आसिफ अहमद ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे रेडियम रिफ्लेक्टर अनिवार्य रूप से लगवाने का सुझाव दिया। इस पर एसपी ने डीएसपी को परिवहन विभाग से समन्वय कर अभियान चलाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसपी अमित कुमार ने कहा कि पुलिस पूरी मुस्तैदी और निष्पक्षता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने आमजन से अपराधियों, तस्करों और असामाजिक तत्वों की जानकारी पुलिस को देने का आह्वान किया, ताकि क्षेत्र में अमन-चैन और कानून व्यवस्था बनी रहे।
उल्लेखनीय है कि डीएसपी कार्यालय नगर पालिका द्वारा निर्मित सामुदायिक भवन में स्थापित किया गया है। कार्यक्रम में डीएसपी पूजा नागर, सीआई रामपाल यादव, निवर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष कौशल्या बाई पाटीदार, उपाध्यक्ष राजू माली, जीवंधर कासलीवाल, कमल कासलीवाल, हाजी अमीन उल्ला, भूपेंद्र जैन, सुनील कासलीवाल, आनंद पुरी, मुकेश मासूम, पीयूष जैन, जलिस अहमद, पीरूलाल माली एवं मतीन खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पिड़ावा तहसील से संवाददाता मोहम्मद इस्लाम
