Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

मेरा वोट–मेरी ताकत” के संदेश के साथ एन.एस.एस. का जागरूकता अभियान :-NN81



 ब्रह्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राठ, हमीरपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों द्वारा चयनित ग्राम गल्हिया में संचालित सात दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस पर “मतदाता पंजीकरण एवं जागरूकता” विषयक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तकनीकी सत्र की अध्यक्षता कर रहे  दृगपाल सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि लोकतंत्र की सुदृढ़ता जागरूक एवं सक्रिय मतदाताओं पर निर्भर करती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करें तथा अन्य नागरिकों को भी पंजीकरण हेतु प्रेरित करें। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि उच्च प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका  उर्मिला राजपूत ने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण नैतिक दायित्व भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जितेन्द्र सिंह ने अपने विस्तृत वक्तव्य में कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान का उद्देश्य केवल पंजीकरण बढ़ाना नहीं, बल्कि नागरिकों में जिम्मेदार मतदान की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों को घर-घर संपर्क कर लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, त्रुटियों के संशोधन तथा नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी देनी चाहिए। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि युवाओं की भागीदारी लोकतंत्र को नई दिशा देती है और प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं को विशेष रूप से जागरूक करना आवश्यक है। शिक्षिका वंदना ने मताधिकार को लोकतंत्र की आधारशिला बताया, श्रीमती सुलोचना ने निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान पर बल दिया,  डॉ. आर. बी. शर्मा ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनसहभागिता को अनिवार्य बताया।

इस अवसर पर स्वयंसेवकों द्वारा मतदाता जागरूकता विषय पर एक लघु नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें मतदान के महत्व, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया तथा मतदान के प्रति उदासीनता के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। पूर्वाह्न में ग्राम में जागरूकता रैली निकालकर “पहले मतदान, फिर जलपान”, “मेरा वोट–मेरी ताकत” एवं “सशक्त मतदाता, सशक्त लोकतंत्र” जैसे नारों से ग्रामीणों को जागरूक किया गया। स्वयंसेविका कुमारी पूजा वर्मा ने कहा, “मतदान हमारा अधिकार ही नहीं, कर्तव्य भी है।” स्वयंसेवक उपासना ने कहा, “हर युवा को मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराना चाहिए।” दीपांशी ने कहा, “सजग मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र का निर्माण करता है।” स्वयंसेवक अंकित तिवारी ने कहा, “निष्पक्ष मतदान राष्ट्रहित में आवश्यक है।” सौम्या सोनी ने कहा, “महिलाओं की भागीदारी लोकतंत्र को सशक्त बनाती है।” स्वयंसेवक पुष्पेंद्र ने कहा, “मतदाता जागरूकता से ही स्वस्थ लोकतांत्रिक व्यवस्था संभव है।” कार्यक्रम का समापन एन.एस.एस. के संकल्प गीत एवं राष्ट्रगान के साथ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। आज के कार्यक्रमों में ज्योति, ममता, बनानीता, मेघा, ज्योति, ममता, सफलता, सोमनाथ, आदित्य आदि स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रही।


रिपोर्ट - दिलीप राजपूत

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes