बिछिया थाना क्षेत्र में एक माह में चौथा हादसा, अंधे मोड़ पर फिर बड़ा दुर्घटना
एंकर- बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत घुटास से लगभग छह किलोमीटर दूर कला रिचिका घाट में शनिवार सुबह रिफाइंड तेल से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक बिछिया से डिंडौरी की ओर जा रहा था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसका फायदा उठाते हुए ग्रामीणों ने ट्रक में लदी तेल की पेटियां उठाकर ले जाना शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार कला रिचिका घाट के अंधे मोड़ पर ट्रक का संतुलन बिगड़ गया। चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और ट्रक सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। घटना के बाद चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ट्रक लावारिस हालत में पड़ा देख कुछ लोगों ने तेल की पेटियां उठानी शुरू कर दीं। देखते ही देखते खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। दोपहर तक ट्रक में लदा काफी मात्रा में रिफाइंड तेल गायब हो चुका था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस द्वारा ट्रक नंबर के आधार पर उसके मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है तथा मामले की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि कला रिचिका घाट लगातार हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां अंधा मोड़ होने के बावजूद किसी प्रकार के चेतावनी संकेतक नहीं लगाए गए हैं। सड़क चौड़ी और सरपट होने के कारण वाहन तेज गति से आते हैंl और छोटी सी चूक गंभीर हादसे का कारण बन रही है। बीते एक माह में यह चौथी दुर्घटना बताई जा रही है, जिससे क्षेत्रवासियों में चिंता बढ़ गई है।
संवाददाता गजेंद्र पटेल
