संवाददाता नारायण लाल खारोल
मांडल थाना क्षेत्र की कोठारी नदी में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिया के नीचे एक 6–7 माह की मासूम बालिका का शव नदी में तैरता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह कुछ ग्रामीणों ने नदी में शव तैरता हुआ देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से मासूम के शव को बाहर निकलवाया।
इसके बाद पुलिस ने शव को मांडल अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया करवाई गई। पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएनए सैंपल भी लिया गया है, ताकि मासूम की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ शुरू कर दी गई है तथा गुमशुदा बच्चों की जानकारी भी खंगाली जा रही है।
