पिड़ावा ताल्लुका विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट अमितेश कुमारी ने सोमवार को विधिक जागरूकता अभियान के तहत एक मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन पिड़ावा सहित कोटड़ी, हनोतिया और रूपखेड़ी जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी प्रदान करेगी।
मोबाइल वैन के माध्यम से 150 से अधिक ग्रामवासियों को महत्वपूर्ण कानूनों एवं योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। अभियान के तहत बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006, शिक्षा का अधिकार अधिनियम, नालसा जागृति योजना, नालसा संवाद योजना, मध्यस्थता, स्थायी लोक अदालत, राष्ट्रीय लोक अदालत, पीड़ित प्रतिकर योजना तथा निःशुल्क विधिक सहायता संबंधी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस दौरान ग्रामीणों को प्रचार-प्रसार सामग्री वितरित की गई और उन्हें कानूनी अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। साथ ही निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी देते हुए जरूरतमंद व्यक्तियों से इसका अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की गई।
संवाददाता मोहम्मद इस्लाम
