मदनलाल बर्मन की रिपोर्ट
उमरिया जिले के करकेली मुख्यालय अंतर्गत ग्राम नरवार (29 जरहा) के बीच पहाड़ी के ऊपरी शिखर पर स्थित श्री सिद्ध आश्रम में आयोजित शिव महापुराण एवं अभिषेकात्मक ज्ञान यज्ञ का भव्य, संगीतमय प्रवचन निरंतर चल रहा है। इस धार्मिक आयोजन में दूर-दराज से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
कथा व्यास पंडित श्री सुरेश जी रामायणी व्याकरणाचार्य, श्री बाबा विजय नाथ धाम, बरही से पधारे हैं। उनके द्वारा भगवान शिव की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया जा रहा है। कथा के अष्टम दिवस पर बाणासुर प्रसंग एवं द्वादश ज्योतिर्लिंगों के महत्व का विस्तार से वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।
शिव महापुराण कथा के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व सांसद दाऊ ज्ञान सिंह विशेष रूप से कथा श्रवण करने पहुंचे। शिव महिमा के प्रसंग पर वे अत्यंत उत्साहित होकर भाव-विभोर नजर आए और भक्ति में झूमते हुए नृत्य भी किया। उनके साथ श्रोताओं ने भी ठुमके लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर सिद्ध आश्रम प्रांगण स्थित स्वामी विवेकानंद मेला ग्राउंड में स्वामी विवेकानंद की जयंती भी मनाई गई। दाऊ ज्ञान सिंह ने दीप प्रज्वलन कर नारियल, श्रीफल, बेलपत्र एवं पुष्प अर्पित कर स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के अंत में दाऊ ज्ञान सिंह ने क्षेत्रवासियों को एक बड़ी सौगात दी। उन्होंने मंच से घोषणा करते हुए नरवार की ओर से सिद्ध आश्रम पहुंच मार्ग पर गेट एवं सीढ़ी निर्माण कराए जाने की बात कही। इस घोषणा से समिति एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है और सभी ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
