न्यूज़ रिपोर्टर देवकरण माली
नगर निगम भीलवाड़ा के वार्ड नंबर 56 अंतर्गत कीर खेड़ा सिंदरी के बालाजी तथा सांगानेर गौशाला होते हुए काली मगरी तक लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़कों की समस्या का समाधान आखिरकार हो गया है। नई सीसी सड़कों के निर्माण से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
क्षेत्र के नागरिकों ने गत दिनों विधायक कार्यालय में पहुंचकर सड़को की समस्या से अवगत कराया था। इस पर विधायक अशोक कोठारी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए प्रस्ताव भिजवाया। तत्पश्चात बजट घोषणा के अंतर्गत मिसिंग लिंक योजना में इस सड़को के निर्माण की स्वीकृति दिलवाई गई।
स्वीकृति के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा दोनों स्थानों पर नई सीसी सड़क का निर्माण कराया गया, जिससे अब क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से खराब सड़क के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब पक्की सड़क बनने से क्षेत्र का स्वरूप ही बदल गया है।
विशेष रूप से काली मगरी स्थित गौशाला, जहां बीमार गौवंश का उपचार किया जाता है, वहां प्रतिदिन एंबुलेंस एवं अन्य वाहनों की आवाजाही में भारी दिक्कत होती थी। नई सड़क बनने से अब इस समस्या से भी निजात मिल गई है।
क्षेत्रवासियों ने विधायक अशोक कोठारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सड़को का निर्माण कार्य उनके क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी और राहत प्रदान करने वाला साबित हुआ है।
