टीएल बैठक में समय सीमा प्रकरणों की हुई समीक्षा
लांजी, बालाघाट
खेमराज सिंह बनाफरे
05 जनवरी को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में टीएल बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में कलेक्टर मृणाल मीना ने विभिन्न विभागों के समय सीमा संबंधी प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर डीपी बर्मन, संयुक्त कलेक्टर राहुल नायक, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप कौरव एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीडियों कांफ्रेंस के माध्यम से उपस्थित थे।
धान की लोडिंग एवं वेयर हाउस में अनलोडिंग का कार्य तेजी से करने के निर्देश
बैठक में सर्वप्रथम समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के परिवहन की समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर श्री मीना ने खरीदी केंद्रो से धान का तेजी से परिवहन करने के निर्देश दिये। विशेषकर लालबर्रा क्षेत्र में धान का कम परिवहन होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और कहा कि लालबर्रा क्षेत्र से प्रतिदिन 4500 मीट्रिक टन धान के परिवहन की व्यवस्था की जाए। उन्होंने सहकारी समितियों में धान की लोडिंग एवं वेयर हाउस के गोदाम व केप में अनलोडिंग का कार्य तेजी से करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारी एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाओं को निर्देशित किया कि किसानों से खरीदे गए धान के बोरो की सिलाई का कार्य तेजी से किया जाए। बोरो की सिलाई न होने के कारण धान के परिवहन में व्यवधान नही आना चाहिए।
सातनारी जलाशय के निर्माण कार्य में लाए गति
बैठक में राजस्व अधिकारियों को धारा-421 के प्रकरणों में निर्धारित वसूली शीघ्रता से करने के निर्देश दिये गए। स्वरोजगार योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप हितग्राहियों को ऋण वितरण का कार्य समय सीमा से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिये गए। जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री को सातनारी जलाशय का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने के लिए तेजी से कार्य करने के निर्देश दिये गए। परसवाडा एसडीएम श्रीश प्यासी को हर सप्ताह सातनारी जलाशय के कार्य का निरीक्षण कर प्रगति पर निगरानी रखने के निर्देश दिये गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को प्रसूति सहायता के प्रकरणों में हितग्राहियों को राशि का शीघ्रता से वितरण करने के निर्देश दिये गए। इसके साथ ही औषधि निरीक्षक को मेडिकल स्टोर्स एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को होटल, रेस्टारेंट एवं खाद्य सामग्री विक्रय करने वाले प्रतिष्ठानों का नियमित रूप से निरीक्षण करने एवं रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गए।
15 जनवरी तक समर्थन मूल्य पर कोदो कुटकी का अधिक से अधिक उपार्जन करे सुनिश्चित
बैठक में उपसंचालक कृषि को निर्देशित किया गया कि 15 जनवरी तक समर्थन मूल्य पर कोदो कुटकी का अधिक से अधिक उपार्जन किया जाए। कोदो कुटकी विक्रय के लिए पंजीयन कराने वाले सभी किसानों से उनकी उपज समर्थन मूल्य पर खरीदी जाना सुनिश्चित करें। इस दौरान बताया गया कि समर्थन मूल्य पर कोदो कुटकी विक्रय के लिए जिले के 693 किसानों ने पंजीयन कराया है, इसमें से 67 किसानों से 488 क्विंटल कोदो कुटकी की खरीदी की जा चुकी है।
संबल योजना के 03 साल के डेटा की रिपोर्ट 01 सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश
बैठक में संबल योजना के हितग्राहियों को अनुग्रह राशि वितरण की समीक्षा के दौरान बताया गया कि इस योजना में जिले में अधिक संख्या में राशि का वितरण हो रहा है। इस पर कलेक्टर श्री मीना ने जनपद पंचायतों के सीईओ एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये कि संबल योजना में पंजीकृत श्रमिकों की जांच करे और अपात्र लोगो के नाम न जोड़े। अधिकारियों को इस योजना के 03 साल के डेटा की रेंडमली जांच कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गए।
न्यायालय के अवमानना प्रकरण में संज्ञान नही लेने पर जपं परसवाड़ा सीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी
बैठक में राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिले के वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में परिवर्तन किये जाने की कार्यवाही में तेजी लाए। बैठक में जिले के सभी विधायकों के कार्यालय में वीडियों कांफ्रेंस रूम निर्माण की समीक्षा की गई और निर्देशित किया गया कि इस कार्य को शीघ्रता से पूर्ण किया जाए। सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान इन प्रकरणों का तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिये गए। इसी प्रकार सड़क दुर्घटना में सहायता राशि वितरण के लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिये गए। न्यायालय के अवमानना प्रकरण में संज्ञान नही लेने पर जनपद पंचायत परसवाड़ा के सीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गए। मुख्य नगर पालिका अधिकारी बालाघाट को स्मार्ट फिश पार्लर का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिये गए। फिश पार्लर के लिए मत्स्योद्योग विभाग द्वारा नगर पालिका को राशि आवंटित की जा चुकी है।


