लोकेशन - कांकेर( छत्तीसगढ़)
संवाददाता - हेमन्त उसेन्डी
कांकेर पुलिस ने गंभीर अपराध में त्वरित कार्रवाई करते हुए कॉलेज छात्रा का रास्ता रोककर अश्लील गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म करने एवं सहयोग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 08 जनवरी 2026 को पीड़िता ने थाना कांकेर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, उसी दिन शाम लगभग 04:10 बजे जब वह कॉलेज से घर लौट रही थी, तभी ग्राम पथरी जाने वाले मार्ग पर जंगलवार कॉलेज के दूसरे गेट के पास आरोपी यश साहू एवं उसका दोस्त जितेन्द्र उर्फ जीतू साहू ने पीड़िता का रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि दोनों आरोपियों ने पीड़िता के साथ अश्लील गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद आरोपी यश साहू ने उसके साथ दुष्कर्म किया, वहीं उसका साथी जितेन्द्र कुमार साहू ने अपराध में सहयोग किया।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 16/2026 अंतर्गत धारा 64(1), 126(1), 296, 115(1), 351(3), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान कांकेर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दिनांक 09 जनवरी 2026 को दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी कांकेर निरीक्षक जितेन्द्र कुमार साहू के नेतृत्व में सउनि भुनेश्वरी भगत, आर. अनिल मरकाम, आर. गजेन्द्र नागवंशी, आर. रामूराम जुर्री, मआर. गणेश्वरी कोड़पी एवं थाना पेट्रोलिंग पार्टी की अहम भूमिका रही
