पवई पन्ना -
पवई- नगर में नियमों को ताक पर रखकर हाईवे से मात्र 15 फीट की दूरी पर शराब दुकान का संचालन किया जा रहा है। यह स्थिति मध्यप्रदेश शासन द्वारा निर्धारित दिशानिर्देशों और हाईकोर्ट के स्पष्ट आदेशों का खुला उल्लंघन है, जिसमें हाईवे के नजदीक एवं नगर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में शराब दुकानों के संचालन पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद पवई एवं देवेंद्रनगर में नगर के बीचो-बीच शराब दुकानों का संचालन धड़ल्ले से किया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि उक्त शराब दुकान स्टेट बैंक से लगी हुई है, जिसके कारण बैंक आने-जाने वाले खाताधारकों, महिलाओं और बुजुर्गों को असुविधा एवं असुरक्षा की भावना का सामना करना पड़ रहा है। दिनभर शराबियों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे बैंक परिसर के पास अशांति का माहौल बना रहता है। कई बार शराब के नशे में लोग हंगामा करते नजर आते हैं, जिससे आम जनता को परेशानी होती है।नगरवासियों ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग से मांग की है कि शासन और न्यायालय के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाए एवं स्टेट बैंक से लगी हुई इस शराब दुकान को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।
